गणतंत्र दिवस पर भारत ने नेपाल को 30 एम्बुलेंस भेंट दी

गणतंत्र दिवस पर भारत ने नेपाल को 30 एम्बुलेंस भेंट दी

सेहतराग टीम

अपने सबसे करीबी पड़ोसी नेपाल के साथ अपने संबंधों का विस्‍तार करते हुए भारत ने आज नेपाल को आधुनिक सुविधाओं से युक्‍त 30 एंबुलेंस भेंट दी। इसके अलावा नेपाल को छह बसें भी भेंट में दी गईं।

भारत ने हिमालयी देश को यह उपहार शनिवार को दिया और शनिवार को ही भारत अपना 70वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। काठमांडू में शनिवार को भारतीय दूतावास परिसर में आयोजित समारोह में नेपाल में भारत के राजदूत मंजीव सिंह पुरी ने एम्बुलेंसों और बसों की चाभी विभिन्‍न संगठनों को सौंपी।

भारत सरकार 1994 से नेपाल में स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा सेवाओं में पहुंच का विस्तार करने के लिए पूरे नेपाल में विभिन्न संगठनों को 722 एम्बुलेंस और 142 बसें दे चुकी है।

राजदूत पुरी ने गोरखा रेजिमेंट के युद्ध में शामिल हुए पूर्व सैनिकों के परिजनों को नकदी और पूरे देश के 53 स्कूलों एवं पुस्तकालयों को पुस्तकें उपहार में दीं। पुरी ने भारतीय ध्वज फहराया और गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्र के नाम भारत के राष्ट्रपति का संदेश पढ़ कर सुनाया। इस कार्यक्रम में 2,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में नेपाल के साथ भारत के संबंधों में कुछ तनाव देखने को मिला था। खासकर नेपाल का नया संविधान लागू होने और इसमें मधेशी लोगों (भारतीय मूल के) के लिए अलग राज्‍य का प्रावधान नहीं करने के कारण शुरू हुए मधेशी आंदोलन के जोर पकड़ने के बाद दोनों देशों के संबंध लंबे समय तक असामान्‍य बने रहे। इसके कारण नेपाल ने भारत पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए चीन के साथ करीबी बढ़ानी शुरू की। इस वजह से दोनों देशों के रिश्‍तों में और भी ठंडक आ गई। हालांकि नेपाल में नई सरकार बनने के बाद दोनों देशों ने नए सिरे से रिश्‍तों में मजबूती लाना शुरू किया है।

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।